मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर किशोरियों और महिलाओं को किया जागरूक


एम्पावरिंग माइंड्स संस्था ने संजय कॉलोनी में आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम


गाजियाबाद।
मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर एम्पावरिंग माइंड्स संस्था द्वारा संजय कॉलोनी स्थित सेंटर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 80 किशोरी बालिकाओं और महिलाओं ने भाग लेकर मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
संस्था की ओर से बताया गया कि मासिक धर्म स्वच्छता दिवस हर वर्ष वैश्विक स्तर पर मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य मासिक धर्म से जुड़े स्वास्थ्य के महत्व को उजागर करना, इससे जुड़े मिथकों और सामाजिक कलंक को समाप्त करना तथा सुरक्षित स्वच्छता उत्पादों एवं सुविधाओं तक सभी की पहुंच सुनिश्चित करने के प्रति जागरूकता फैलाना है। यह कार्यक्रम सिम्बायोसिस सेंटर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (एससीएमएस), नोएडा की टीम के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन एम्पावरिंग माइंड्स की डायरेक्टर श्रीमती ऋचा मोहन ने किया, जबकि जागरूकता सत्र में एससीएमएस की टीम से डॉ. तविषी जैन, प्रो. अनिंदिता भट्टाचार्य और प्रो. रिंकू संजीव ने प्रतिभागियों को जानकारी दी। कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने एवं टीम निर्धारण में एससीएमएस की डायरेक्टर डॉ. निधि फुटेला का विशेष सहयोग रहा। 
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी स्वच्छता, स्वास्थ्य और सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। विशेषज्ञों ने कहा कि मासिक धर्म महिलाओं के स्वास्थ्य का सामान्य हिस्सा है और इसे लेकर समाज में खुलकर संवाद होना आवश्यक है। कार्यक्रम को संवादात्मक शैली में आयोजित किया गया, जिससे महिलाएं और किशोरियां सहज होकर अपनी समस्याएं साझा कर सकें। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सेनेटरी पैड एवं रिफ्रेशमेंट वितरित किए गए।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने