खोड़ा पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 शातिर गिरफ्तार

चोरी की 8 बाइक, एक स्कूटी और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद


गाजियाबाद।
खोड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी तथा वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक वैगनआर कार बरामद की है। बरामद वाहन दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों से चोरी किए गए बताए जा रहे हैं।
इंदिरापुरम एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, मंगलवार देर रात थाना खोड़ा पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नहर पटरी लौधी चौक के पास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर चार युवकों को रोककर पूछताछ की गई। जांच में उनके पास मौजूद वाहन चोरी के निकले, जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुनाल पुत्र तरुण कुमार सिंह निवासी ग्राम बड़का थाना भगवानपुर हाट जिला सिवान बिहार, हाल निवासी इंदिरा गार्डन खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद, रमन पुत्र क्षत्रपाल निवासी ग्राम निकपुर थाना सिविल लाइंस जनपद बदायूं, हाल निवासी सैनिक विहार खोड़ा कॉलोनी, टीटू पुत्र कलुवा निवासी ग्राम जमालपुर थाना शिकारपुर बुलंदशहर, वर्तमान पता कौड़ली थाना न्यू अशोक नगर दिल्ली तथा ललित चौहान पुत्र नरेंद्र चौहान निवासी ग्राम बहीपुर थाना जहांगीराबाद बुलंदशहर के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक वैगनआर कार बरामद की गई है। यह कार वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने और चोरी के वाहनों को इधर-उधर ले जाने में इस्तेमाल की जाती थी। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे दिल्ली, गाजियाबाद और एनसीआर के विभिन्न इलाकों से बाइक और स्कूटी चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों के नंबर बदलकर उन्हें अलग-अलग स्थानों पर बेच दिया जाता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के सदस्यों के खिलाफ पहले से विभिन्न थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, चोरी के वाहनों के खरीदारों तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही बरामद वाहनों के संबंध में विभिन्न थानों से जानकारी जुटाई जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने