बिजली घर में ही चोरी करने लगे संविदा कर्मी: तीन गिरफ्तार, 11 कॉपर रॉड बरामद


गाजियाबाद।
थाना नन्दग्राम पुलिस ने बिजली घर से तांबे की रॉड चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 11 तांबे की रॉड बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी बिजली उपकेंद्र में ही संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत थे और अंदरूनी जानकारी का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। 
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को 33 केवी ट्रांस हिंडन में तैनात अवर अभियंता पुष्पेंद्र कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि नन्दग्राम स्थित बिजली घर के कार्यालय में रखी कॉपर रॉड चोरी हो गई हैं। शिकायत के आधार पर थाना नन्दग्राम में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गोल चक्कर के पास धन-धन सतगुरु आश्रम की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की गई 11 तांबे की रॉड बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार (27 वर्ष) निवासी दीनदयालपुरी नन्दग्राम, मो. अरमान (29 वर्ष) निवासी बॉम्बे कॉलोनी नन्दग्राम और सोनू (29 वर्ष) निवासी दीनदयालपुरी नन्दग्राम के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अमित ने बताया कि तीनों आरोपी नन्दग्राम स्थित 33/11 केवी उपकेंद्र में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें बिजली घर के कैश काउंटर वाले कमरे में रखी कॉपर रॉड की जानकारी थी। लालच में आकर तीनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई। आरोपियों ने रात के समय कमरे की खिड़की का सरिया तोड़कर कॉपर रॉड चोरी कर ली थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की कुछ रॉड उन्होंने पहले ही घूम-फिरकर कबाड़ी को बेच दी थीं, जबकि बची हुई रॉड पास की झाड़ियों में छिपा दी गई थीं। आरोपी गुरुवार को इन्हें बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने