80 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा गैंग
नई दिल्ली। मोती नगर थाना पुलिस ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में खुजली का पाउडर डालकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं और दिल्ली के होटलों में ठहरकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 79 हजार रुपये नकद और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य देश के विभिन्न राज्यों में चोरी और सेंधमारी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं।पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर ने बताया कि 16 मई को मोती नगर थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बदमाशों ने उस पर खुजली का पाउडर डालकर करीब 98 हजार रुपये चोरी कर लिए। शिकायत मिलने के बाद थाना प्रभारी सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक दिखाई दिए। फुटेज में देखा गया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रास्ता बदलते हुए दो अलग-अलग ऑटो-रिक्शा में बैठकर फरार हुए। पुलिस ने करीब 80 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच करते हुए आरोपियों का पीछा किया और अंततः पहाड़गंज स्थित एक होटल तक पहुंच गई, जहां से सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश ग्वाला, निहाल ग्वाला, जॉनी जाधव ग्वाला, रमेश, जुगनू और आनंद ग्वाला के रूप में हुई है। सभी आरोपी पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे एक अंतरराज्यीय चोरी गिरोह के सदस्य हैं और अलग-अलग राज्यों में चोरी व सेंधमारी की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। आरोपी मुख्य रूप से भीड़भाड़ वाले बाजारों और व्यावसायिक क्षेत्रों में नकदी या कीमती सामान लेकर चलने वाले लोगों को निशाना बनाते थे।
पुलिस के अनुसार गिरोह का एक सदस्य पीड़ित पर खुजली वाला पाउडर छिड़ककर उसका ध्यान भटकाता था, जबकि दूसरे साथी मौका पाकर नकदी और कीमती सामान चोरी कर लेते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर दिल्ली और अन्य राज्यों में की गई वारदातों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
Tags
दिल्ली