दिल्ली में नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू

7.72 लाख लाभार्थियों के लिए  ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू


नई दिल्ली।
दिल्ली सरकार ने वर्षों से नए राशन कार्ड की प्रतीक्षा कर रहे लाखों लोगों को बड़ी राहत देते हुए 7 लाख 72 हजार नए राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली सचिवालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा करते हुए बताया कि राशन कार्ड के लिए आवेदन अब ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 13 वर्षों में दिल्लीवासियों को नए राशन कार्ड बनवाने का अवसर नहीं मिला, जिसके कारण लोग लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर थे। भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद राशन व्यवस्था का व्यापक ऑडिट कराया, जिसके आधार पर बड़ी संख्या में अपात्र और निष्क्रिय राशन कार्डों को सूची से हटाया गया है।
रेखा गुप्ता ने बताया कि ऑडिट के दौरान 35 हजार से अधिक लाभार्थियों द्वारा लंबे समय से राशन न लेने, 29,589 लाभार्थियों की मृत्यु, 23,394 डुप्लीकेट कार्ड तथा 7.71 लाख से अधिक अपात्र लाभार्थियों की पहचान हुई। इन कार्डों को निरस्त किए जाने के बाद अब पात्र जरूरतमंद लोगों को नए राशन कार्ड जारी किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि राशन कार्ड के लिए वार्षिक आय सीमा को बढ़ाकर ढाई लाख रुपये कर दिया गया है। पहले यह सीमा 1.25 लाख रुपये थी। इससे बड़ी संख्या में निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि 15 मई 2026 से ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अलावा कोई भी पात्र नागरिक जन सुविधा केंद्रों के माध्यम से भी राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकता है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, पारिवारिक आय का विवरण तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। साथ ही सेल्फ डिक्लेरेशन को अनिवार्य किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ने दिल्ली फूड सिक्योरिटी रूल्स-2026 लागू कर दिए हैं और पूरी राशन वितरण व्यवस्था को डिजिटल बनाया जा रहा है। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और राशन वितरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त होगी। उन्होंने दावा किया कि नई व्यवस्था के तहत कोटेदार अब निर्धारित मात्रा से एक ग्राम भी राशन कम नहीं दे सकेंगे। रेखा गुप्ता ने बताया कि वर्तमान में 3.72 लाख से अधिक राशन कार्ड आवेदन लंबित हैं। ये सभी आवेदक अब नए नियमों के तहत पुनः आवेदन कर लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सभी पात्र और जरूरतमंद लोगों तक खाद्य सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने