पीक आवर्स में यात्रियों को बड़ी राहत, 22 मई से चलेंगी नमो भारत की आठ अतिरिक्त ट्रेनें

बढ़ती भीड़ को देखते हुए एनसीआरटीसी ने बढ़ाई नमो भारत सेवाएं


नई दिल्ली/गाजियाबाद।
दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए एनसीआरटीसी ने यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। यात्री सुविधा में वृद्धि और यात्रा की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए 22 मई 2026 (शुक्रवार) से पीक आवर्स के दौरान नमो भारत की आठ अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू की जाएंगी।
एनसीआरटीसी के अनुसार नई व्यवस्था के तहत सुबह 8 बजे से 11 बजे तथा शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच पीक आवर्स में सराय काले खां से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच आठ अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए कॉरिडोर पर दो अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और निर्बाध यात्रा का लाभ मिलेगा।
अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं से स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी तथा सार्वजनिक परिवहन की उपलब्धता और अधिक सुदृढ़ होगी। साथ ही निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने से ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। एनसीआरटीसी के अनुसार दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्तमान में प्रतिदिन औसतन लगभग एक लाख यात्री नमो भारत ट्रेनों में सफर कर रहे हैं। यह बढ़ती संख्या क्षेत्रीय परिवहन के लिए नमो भारत पर यात्रियों के भरोसे और इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है।
देश की पहली क्षेत्रीय रैपिड रेल प्रणाली नमो भारत को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है। इसकी अधिकतम परिचालन गति 160 किलोमीटर प्रति घंटा है, जिससे दिल्ली-मेरठ क्षेत्र में यात्रा समय लगभग एक-तिहाई तक कम हो गया है। एनसीआरटीसी ने कहा कि यात्रियों की सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बढ़ती यात्री संख्या और मौसम संबंधी चुनौतियों को देखते हुए लगातार ऐसे कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे यात्रियों का सफर अधिक आरामदायक, सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने