नोएडा का दीपक नागर हत्याकांडः पुलिस मुठभेड़ में चाचा-भतीजा गिरफ्तार

 14 साल पुरानी रंजिश में की थी दीपक नागर की हत्या, अब तक छह आरोपी पुलिस गिरफ्त में, आरोपियों से तमंचे और कारतूस बरामद

ग्रेटर नोएडा।
वैदपुरा गांव में कंपनीकर्मी युवक  दीपक नागरकी हत्या के मामले में ईकोटेक-3 कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चाचा-भतीजे को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। डी-पार्क सर्विस रोड के पास हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हर्ष उर्फ राधे और उसके चाचा जगत सिंह, दोनों निवासी वैदपुरा गांव, के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने करीब 14 साल पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए कंपनीकर्मी दीपक नागर की गोली मारकर हत्या की थी। इससे पहले पुलिस इस मामले में नवीन, अभी उर्फ अभय, आकाश और मोगली उर्फ पवन को गिरफ्तार कर चुकी है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार वैदपुरा गांव के बाहर बदमाशों ने दीपक नागर को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों की शिकायत पर हत्या, षड्यंत्र और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिलने पर पुलिस ने डी-पार्क सर्विस रोड के पास चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे और फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपी घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में हत्या की साजिश, पुरानी दुश्मनी और वारदात में इस्तेमाल किए गए अन्य हथियारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
इधर, हत्या से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे वैदपुरा गोलचक्कर पर शव रखकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने करीब 45 मिनट तक मार्ग जाम रखा और आरोपियों के एनकाउंटर तथा उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों ने बताया कि दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हो गए।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने