ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर में यूपी पुलिस ने जीते 17 पदक

गाजियाबाद/लखनऊ।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 9 मई से 13 मई 2026 तक आयोजित ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस बैडमिंटन टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 पदक अपने नाम किए। यह प्रतियोगिता पुलिस विभाग की सबसे बड़ी खेल प्रतियोगिताओं में मानी जाती है, जिसमें देशभर की राज्य पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स की टीमें हिस्सा लेती हैं। प्रतियोगिता में कुल 42 टीमों ने भाग लिया, जिनमें लगभग 1200 खिलाड़ी शामिल हुए। इनमें करीब 700 खिलाड़ी बैडमिंटन तथा अन्य खिलाड़ी टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने पहुंचे। उत्तर प्रदेश पुलिस की पुरुष एवं महिला बैडमिंटन टीम ने टीम के हेड कोच वरुण पवार, महिला कोच भावना बालियांन तथा सहायक कोच विनय कुमार पांडे के कुशल नेतृत्व में यह उपलब्धि हासिल की। 
विगत वर्ष यह प्रतियोगिता कोच्चि में आयोजित हुई थी, जहां उत्तर प्रदेश पुलिस टीम ने 10 पदक जीते थे। इस बार टीम ने अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार करते हुए 17 पदक अर्जित किए। टीम इवेंट में महिला टीम ने द्वितीय स्थान जबकि पुरुष टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश पुलिस के खेल सचिव डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने टीम एवं कोचिंग स्टाफ को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। बताया गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस की पुरुष एवं महिला बैडमिंटन टीमें सीबीआई अकादमी में नियमित अभ्यास करती हैं तथा पुलिस लाइन में निवास करती हैं। 
टीम के खिलाड़ियों एवं कोचों ने अपनी सफलता का श्रेय जे. रविंदर गौड, केशव चौधरी, पीयूष सिंह के मार्गदर्शन एवं सहयोग को दिया। इसके साथ ही शुहेल शर्मा तथा संजय मान के विशेष सहयोग एवं योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। अब टीम की नजर अक्टूबर 2026 में अहमदाबाद में प्रस्तावित अगली ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन प्रतियोगिता पर है, जिसके लिए खिलाड़ी एक बार फिर गाजियाबाद स्थित सीबीआई अकादमी में कड़ी मेहनत और अभ्यास में जुटेंगे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने