हीट वेव को ध्यान में रखते जवानों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की सलाह दी
गाजियाबाद। पुलिस उपमहानिरीक्षक पीएसी मेरठ सेक्टर कल्पना सक्सेना ने सोमवार को 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जवानों की परेड, प्रशिक्षण व्यवस्था, अनुशासन एवं विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के अवसर पर दिनेश यादव ने डीआईजी महोदया का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद डीआईजी ने परेड की सलामी ली तथा जवानों की सज्जा, अनुशासन और प्रशिक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया। निरीक्षण उपरांत बलवा ड्रिल का प्रदर्शन भी कराया गया, जिस पर उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद डीआईजी कल्पना सक्सेना ने वाहिनी क्वार्टर गार्ड पर सलामी ग्रहण की तथा क्वार्टर गार्ड, मयूर संरक्षण केंद्र, बैडमिंटन एवं जिम्नेजियम हॉल, प्रशासनिक भवन, वाहिनी चिकित्सालय, म्यूजियम और वाहिनी स्टोर सहित विभिन्न शाखाओं का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन, स्वच्छता, अनुशासन तथा अभिलेखों के उचित रख-रखाव के संबंध में दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। भ्रमण के उपरांत आयोजित सम्मेलन में डीआईजी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर उनकी ड्यूटी एवं व्यवस्थापन स्थलों पर आने वाली समस्याओं की जानकारी ली। वर्तमान मौसम एवं हीट वेव को ध्यान में रखते हुए उन्होंने जवानों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, समय-समय पर ORS एवं अन्य तरल पदार्थों का सेवन करने तथा संतुलित एवं पौष्टिक भोजन अपनाने की सलाह दी। साथ ही ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं आवश्यक सावधानियों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की।
अंत में डीआईजी कल्पना सक्सेना ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं उत्कृष्ट कार्यशैली बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।इस अवसर पर बी.एस. वीर कुमार, अन्विता उपाध्याय, डॉ. नेहा गोस्वामी, जयेन्द्र सिंह गंगवार, मोमराज सिंह, राजपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags
गाजियाबाद