फायर और पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा, दूर-दूर तक दिखाई दीं आग की लपटें
गाजियाबाद। शालीमार गार्डन क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक पांच मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि उसकी ऊंची-ऊंची लपटें करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुआं फैल गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-1 स्थित बिल्डिंग नंबर-815 दीक्षा होम सोसाइटी की टॉप फ्लोर पर अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलती चली गई और बिल्डिंग में रहने वाले लोग अपनी जान बचाने के लिए छत की ओर भागे। बताया जा रहा है कि बिल्डिंग में मौजूद कई लोग ऊपरी मंजिलों पर फंस गए थे और धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी हो रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक समय में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के पहुंचने में कुछ देर हुई, लेकिन बाद में फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गईं।
शालीमार गार्डन थाना प्रभारी अवधेश त्रिपाठी अपनी पूरी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सबसे पहले दोनों तरफ का रास्ता खाली करवाकर फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके तक पहुंचाने में मदद की। आग के दौरान बिल्डिंग के कुछ हिस्सों और टॉयलेट की दीवारों के टूटने-बिखरने की भी सूचना है, जिससे लोगों में और अधिक भय फैल गया। बिल्डिंग के अंदर ऑक्सीजन की कमी और धुएं के कारण फायर कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद फायर विभाग के जवान ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर ऊपरी मंजिलों तक पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते पुलिस और फायर विभाग की टीमें मौके पर नहीं पहुंचतीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। राहत की बात यह रही कि खबर लिखे जाने तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं थी। सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
Tags
गाजियाबाद