पुराने आभूषणों की खरीद व रिपेयरिंग को जीएसटी से मुक्त करने की मांग

गाजियाबाद में सर्राफा व्यापारियों की बैठक, प्रधानमंत्री की अपील का किया समर्थन

गाजियाबाद। राज्य कर विभाग के क्षेत्रीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान, मोहननगर में सोमवार को सर्राफा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में वैश्विक आर्थिक संकट के बीच सोने की खरीद को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारियों ने देशहित में प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। बैठक के दौरान सर्राफा व्यापारियों ने मांग की कि पुराने आभूषणों की खरीद और आभूषणों की रिपेयरिंग पर जीएसटी समाप्त किया जाना चाहिए। व्यापारियों का कहना था कि पुराने गहनों की खरीद-बिक्री और मरम्मत कार्य पर टैक्स लगाए जाने से छोटे कारोबारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। 
व्यापारियों ने एमसीएक्स (MCX) पर प्रतिबंध लगाने, सोने से जुड़े कारोबार करने वाली बड़ी कंपनियों पर भी समान नियम लागू करने तथा उनकी निगरानी बढ़ाने की मांग उठाई। उनका कहना था कि सोने के बढ़ते दाम और बाजार में कम होती खरीद का सीधा असर सर्राफा व्यापार पर पड़ रहा है। सर्राफा एसोसिएशन गाजियाबाद के संरक्षक राज किशोर गुप्ता ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण सर्राफा कारोबार कठिन दौर से गुजर रहा है और व्यापारी भी इन हालात को समझ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को व्यापारियों की व्यावहारिक समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। बैठक में सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरविन्दर कुमार गांधी, मंत्री गौरव गर्ग सहित अन्य व्यापारियों ने भी अपनी बात रखी और व्यापार से जुड़ी समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। इस दौरान जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से व्यापारियों की समस्याएं सुनीं। 
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि व्यापारियों को किसी प्रकार की समस्या है तो वे ज्ञापन के माध्यम से जिला प्रशासन को अवगत कराएं। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। 
बैठक की अध्यक्षता करते हुए राम केश्वर, अपर आयुक्त ग्रेड-1, राज्य कर, गाजियाबाद जोन-प्रथम ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील का देशहित में पालन किया जाना आवश्यक है। उनकी अपील पर व्यापारियों ने भी सहमति जताई। बैठक में सूर्यबली मौर्या, एसीपी कविनगर, मोनू त्रिपाठी, अपर आयुक्त ग्रेड-2 (वि0 अनु0 शा0) जोन-द्वितीय, जिला जीत संयुक्त आयुक्त (कार्यपालक) रेंज-ए, चन्द्रकांत भूषण उपायुक्त (प्रशासन) राज्य कर गाजियाबाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने