अग्निकांडों पर त्वरित नियंत्रण और जनजागरूकता अभियान के लिए जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
गाजियाबाद। भीषण गर्मी, बढ़ते तापमान और विद्युत भार में वृद्धि के कारण जिले में आग लगने की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे कठिन समय में अग्निशमन विभाग पूरी मुस्तैदी, मेहनत और तत्परता के साथ अग्निकांडों पर नियंत्रण पाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। विभाग न केवल आग की घटनाओं पर शीघ्र काबू पा रहा है, बल्कि लगातार जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति भी जागरूक कर रहा है। अग्निशमन विभाग की कार्यशैली और जनहित में किए जा रहे प्रयासों की जनप्रतिनिधियों, उच्च अधिकारियों तथा आम नागरिकों द्वारा लगातार सराहना की जा रही है। शहर में बढ़ती आग की घटनाओं और हादसों पर प्रभावी नियंत्रण करने में विभाग द्वारा निभाई जा रही महत्वपूर्ण भूमिका को देखते हुए सोमवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल, अग्निशमन अधिकारी कोतवाली शेषनाथ यादव, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी वैशाली मूलवंद सिंह सहित कुल 23 अग्निशमन कर्मियों को हाल के दिनों में विभिन्न अग्निकांडों को नियंत्रित करने में दिए गए सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अग्निशमन विभाग के कर्मी विपरीत परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने विभाग की तत्परता, साहस और जनसेवा भावना की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए विभाग द्वारा निरंतर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, शॉर्ट सर्किट से बचाव तथा आग लगने की स्थिति में तुरंत फायर सर्विस को सूचना देने की अपील भी की गई।
Tags
गाजियाबाद