गाजियाबाद में लापरवाही पर सात पुलिसकर्मी निलंबित

चेन स्नैचिंग की घटनाओं और कार्य में उदासीनता पर पुलिस आयुक्त की बड़ी कार्रवाई

गाजियाबाद।
शहर में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस आयुक्त ने अलग-अलग मामलों में कुल सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई चेन स्नैचिंग की घटनाओं को रोकने में विफल रहने, ड्यूटी में लापरवाही तथा कार्यालयी कार्यों में उदासीनता बरतने के आरोपों में की गई है।
पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी जानकारी के अनुसार पहला मामला थाना सिहानी गेट क्षेत्र की लोहियानगर पुलिस चौकी से जुड़ा है। यहां 18 मई 2026 की सुबह हुई चेन स्नैचिंग की घटना को रोकने में विफल रहने तथा अपने दायित्वों का ठीक प्रकार से निर्वहन न करने के आरोप में चौकी प्रभारी लोहियानगर उपनिरीक्षक कमलदेव सिंह, उपनिरीक्षक मनीष वर्मा, मुख्य आरक्षी अजय कुमार तथा आरक्षी रोहित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दूसरा मामला थाना कविनगर क्षेत्र के जी-ब्लॉक, गोविंदपुरम का है। यहां 15/16 मई 2026 की रात शिक्षिका से हुई चेन स्नैचिंग की घटना के दौरान ड्यूटी में लापरवाही और उदासीनता बरतने के आरोप में चीता मोबाइल पर तैनात मुख्य आरक्षी मलखान सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। वहीं तीसरे मामले में पुलिस लाइन कार्यालय में तैनात उपनिरीक्षक (लिपिक) हरेंद्र सिंह तथा मुख्य आरक्षी राजीव कुमार को पत्रावलियों और सरकारी फाइलों के उचित रखरखाव में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि पुलिस बल में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम जनता को बेहतर कानून व्यवस्था और सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए पुलिस कार्यप्रणाली में लगातार सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।  कमिश्नर ने जनता को आश्वस्त किया है कि अपराध नियंत्रण और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने