दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी के 18 दोपहिया वाहन बरामद


गाजियाबाद।
अंकुर विहार थाना पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर दिल्ली, गाजियाबाद, लोनी और अंकुर विहार क्षेत्र से चोरी की गई 12 मोटरसाइकिल, पांच स्कूटी और एक विक्की समेत कुल 18 वाहन बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार तीसरे आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात अंकुर विहार थाना पुलिस अल्वी नगर कॉलोनी के पास संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन पुलिस को देखकर तीनों भागने लगे। भागने के प्रयास में एक मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद पुलिस ने दो युवकों को दबोच लिया, जबकि दूसरी बाइक पर सवार एक आरोपी मौके से फरार हो गया।
सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपने नाम अहमद, निवासी प्रेम नगर, थाना लोनी तथा खिलाल, निवासी नसबंदी कॉलोनी, थाना अंकुर विहार बताए हैं। फरार आरोपी की पहचान माजिद, निवासी प्रेम नगर, थाना लोनी के रूप में हुई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल को उन्होंने कुछ समय पूर्व डीएलएफ-6 घाट, अंकुर विहार क्षेत्र से चोरी किया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने डीएलएफ-सी ब्लॉक स्थित झाड़ियों में छिपाकर रखे गए अन्य चोरी के वाहन भी बरामद कर लिए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12 मोटरसाइकिल, पांच स्कूटी और एक विक्की बरामद की है। बरामद वाहनों के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वाहन चोरी के इस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने