फायर सर्विस की टीम ने एक घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
गाजियाबाद। साहिबाबाद स्थित पैसिफिक मॉल के सिनेमा हॉल में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी के अनुसार 21 मई 2026 को प्रातः 7:21 बजे सूचना प्राप्त हुई कि पैसिफिक मॉल के सिनेमा परिसर में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद तथा प्रभारी अग्निशमन अधिकारी वैशाली दमकल वाहनों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए।
मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि सिनेमा घर के प्रोजेक्टर रूम एवं मूवी हॉल में भीषण आग लगी हुई थी, जिसके कारण पूरे मॉल में धुआं फैल गया था। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल कर्मियों ने मॉल के फायर फाइटिंग सिस्टम का उपयोग करते हुए आठ होज पाइप लाइनों के माध्यम से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। धुएं और आग की तीव्रता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने बी.ए. सेट (ब्रीदिंग अपरेटस) पहनकर अंदर प्रवेश किया और बचाव एवं अग्निशमन कार्य को अंजाम दिया।
आग की विकरालता को देखते हुए फायर स्टेशन कोतवाली और फायर स्टेशन साहिबाबाद से भी अतिरिक्त दमकल वाहन एवं अधिकारी बुलाए गए। कुल 10 फायर टेंडरों तथा मॉल में स्थापित अग्निशमन प्रणाली की सहायता से आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देशन में संचालित अभियान के दौरान दमकल विभाग ने बड़ी सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए आग को आसपास स्थित अन्य ऑडी तथा दुकानों तक फैलने से पहले ही रोक दिया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद