ग्रेटर नोएडा के दनकौर में 25 झुग्गियों में भीषण आग, घरेलू सामान खाक

सिलेंडर धमाकों से मचा हड़कंप; पांच दमकल गाड़ियों ने पाया काबू


नोएडा।
ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गौतमबुद्ध नगर और सिकंदराबाद बॉर्डर के पास स्थित करीब 20 से 25 झुग्गियों में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे इलाके में धुआं और लपटें दिखाई देने लगीं। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने जल्द ही विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल क्षेत्र में कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे। 
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की शुरुआत एक छोटे गैस सिलेंडर के फटने से हुई। झुग्गियों में बड़ी संख्या में घरेलू सिलेंडर रखे होने के कारण एक के बाद एक कई सिलेंडरों में विस्फोट हुआ, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। झुग्गियां एक-दूसरे के बेहद करीब होने के कारण लपटों ने देखते ही देखते कई आशियानों को अपनी चपेट में ले लिया। चीफ फायर अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि ग्राम हाफीजपुर स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में आग लगने की सूचना मिलते ही फायर सर्विस और पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंचने पर लगभग 20-25 झोपड़ियां आग की चपेट में मिलीं, जिन्हें दमकल कर्मियों ने समय रहते बुझा दिया।
उन्होंने बताया कि आग लगते ही अधिकांश लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे, जिसके कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से झुग्गियों में रखा घरेलू सामान और अन्य वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ। दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने