गाजियाबाद में स्कूल और ट्यूबवेलों में चोरी करने वाला गिरोह गिरफ्तार

एक हफ्ते में दो स्कूल और पांच ट्यूबवेल बनाए निशाना, दो शातिर गिरफ्तार


गाजियाबाद।
मुरादनगर पुलिस ने सरकारी स्कूलों और किसानों के ट्यूबवेलों में लगातार हो रही चोरियों का खुलासा करते हुए एक शातिर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक सप्ताह के भीतर दो स्कूलों और पांच ट्यूबवेलों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके थे। आरोपियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है, जबकि गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है। एसीपी मसूरी सर्किल भास्कर वर्मा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सरकारी स्कूलों को निशाना बनाने वाला एक गिरोह क्षेत्र में सक्रिय है। सूचना के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और घेराबंदी कर दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। 
गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान सलमान निवासी नेकपुर और सोनू उर्फ बंदर निवासी जागृति विहार, थाना मेडिकल, मेरठ के रूप में बताई। पुलिस पूछताछ में दोनों ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 16 मई को गांव काकड़ा स्थित कंपोजिट विद्यालय में खिड़की उखाड़कर चोरी की थी। इसके अलावा गांव रेवड़ा-रेवड़ी स्थित एक स्कूल समेत कई सरकारी विद्यालयों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गांव रावली कलां के पांच ट्यूबवेलों से मोटर चोरी करने की बात भी कबूल की है। इन घटनाओं से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया है। 
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने बताया कि उनके साथी रुकसाद और भूरा निवासी नेकपुर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही दोनों फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने