राकेश टिकैत बोले- जमीन अधिग्रहण के नाम पर किसानों की विधिक अनदेखी बर्दाश्त नहीं, बड़ा आंदोलन होगा
गाजियाबाद। वेव सिटी क्षेत्र में किसानों की भूमि अधिग्रहण और मुआवजा संबंधी समस्याओं को लेकर सोमवार को सीबीआई अकादमी मार्ग पर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की पंचायत आयोजित की गई। पंचायत में बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए, जहां किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
पंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत ने हिस्सा लिया और वेव सिटी, बापूधाम तथा लोनी क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों पर किसानों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लंबे समय से भूमि अधिग्रहण और मुआवजे के मामलों का समाधान नहीं हो पा रहा है, जिससे किसानों में भारी असंतोष व्याप्त है। बैठक के दौरान कई किसानों ने अपनी व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याएं पंचायत के समक्ष रखीं तथा न्याय की मांग की। किसानों का कहना था कि अधिग्रहित भूमि के उचित मुआवजे और अन्य लंबित मामलों के निस्तारण में लगातार देरी हो रही है, जिससे उन्हें आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों के अधिकारों का हनन किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन आंदोलन को और व्यापक तथा तेज करने के लिए बाध्य होगी। पंचायत में मौजूद किसानों ने एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए अपने अधिकारों की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। इस दौरान किसान एकता के नारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। कार्यक्रम में सैकड़ों किसानों और भाकियू कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिन्होंने प्रशासन से किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान निकालने की मांग की।
Tags
गाजियाबाद