मोहन नगर से ज्ञानी बॉर्डर तक चलेगा विशेष धूल मुक्त अभियान

10 दिन में बदलेगी प्रमुख मार्ग की तस्वीर, नगर आयुक्त ने लापरवाही पर जताई नाराजगी


गाजियाबाद।
दिल्ली और गाजियाबाद को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग मोहन नगर तिराहे से ज्ञानी बॉर्डर तक अब विशेष धूल मुक्त अभियान चलाया जाएगा। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने सोमवार को मार्ग का निरीक्षण कर सड़क की बदहाल स्थिति, धूल प्रदूषण और निर्माण कार्यों से फैले मलबे पर नाराजगी जताई तथा संबंधित विभागों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सड़क किनारे जमी धूल, बिखरे निर्माण मलबे तथा सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट की खराब स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग और जल निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए स्पष्ट कहा कि सड़क किनारे किसी भी प्रकार का मलबा या अव्यवस्थित सामग्री पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। 
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि अगले 10 दिनों के भीतर पूरे मार्ग को धूल मुक्त, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया जाए। इसके लिए मौके पर मौजूद अपर नगर आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उद्यान विभाग को ग्रीन बेल्ट के सौंदर्यीकरण, पौधारोपण और अतिक्रमण हटाने का कार्य सौंपा गया, जबकि जल निगम को निर्माण कार्यों से फैले मलबे को तत्काल हटाने और अधूरे कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग को सड़क को गड्ढामुक्त बनाकर मरम्मत कार्यों में तेजी लाने के आदेश दिए गए। 
स्वास्थ्य विभाग को भी प्रमुख मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाने तथा दुकानों के बाहर फैली गंदगी के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। नगर निगम की टीम ने निरीक्षण के तुरंत बाद जेसीबी मशीनों और आधुनिक सफाई उपकरणों की मदद से अभियान शुरू कर दिया। धूल नियंत्रण के लिए सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव भी किया जा रहा है।  नगर आयुक्त ने कहा कि दिल्ली-गाजियाबाद का यह मार्ग शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार है, इसलिए इसे स्वच्छ, सुंदर और धूल मुक्त बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि अभियान की नियमित निगरानी की जाएगी और तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराया जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने