गाजियाबाद में 27 लाख लूटने वाले एक लाख के इनामी जुबैर और समीर मुठभेड़ में ढ़ेर

दो बदमाशों को पहले ही जेल भेज चुकी है पुलिस


गाजियाबाद।
6 मई को दिनदहाड़े बैंक की कैश वैन से 27 लाख लूटने वाले दो बदमाश समीर और जुबैर को मंगलवार रात वेव सिटी इलाके में पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दोनों पर एक-एक लाख का इनाम था। जुबैर लूटकांड का मास्टरमाइंड था। इस डकैती में पुलिस दो बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। 
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया, पुलिस को सूचना मिली कि रात में वेव सिटी क्षेत्र में बदमाश किसी घटना को अंजाम देने जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की, तभी संदिग्ध स्विफ्ट कार दिखाई दी। पुलिस ने जब गाड़ी रुकवाने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक सब इंस्पेक्टर और दो कॉन्स्टेबल गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो बदमाश जंगल में कार छोड़कर पैदल भागने लगे। दोनों तरफ से 20 मिनट में करीब 15 से ज्यादा राउंड फायर हुए, जिसमें दो बदमाश मारे गए हैं। जबकि 2 अन्य फरार हो गए हैं। फरार बदमाशों की तलाश में 5 टीमें लगाई गई हैं। पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने बताया, 4 बदमाश स्विफ्ट कार से आए थे। समीर और जुबैर के पास से लूटे गए 9 लाख 10 हजार रुपए कैश बरामद हुए हैं। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल, दो तमंचे और लूट में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी बरामद की है। दोनों बदमाश गाजियाबाद के विजयनगर इलाके के रहने वाले थे। घायलों को अस्पताल भेजा गया है।
6 बदमाशों ने 6 मई को कैश वैन के ड्राइवर को बंधक बनाकर 27 लाख रुपए लूट लिए थे। बाद में घटनास्थल से करीब 8 किलोमीटर दूर वैन को मसूरी थाना क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे पर छोड़कर भाग गए थे। बदमाशों ने सबूत मिटाने के लिए कैश वैन में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को कुल्हाड़ी से तोड़ दिया था। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने सोमवार को मोहम्मद कैफ और मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार किया था। दोनों के पास से पुलिस ने 8 लाख 6 हजार रुपये बरामद किए थे। कैफ 25 हजार रुपए का इनामी था। 
डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ ने समीर और जुबैर पर एक-एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। अभी समीर का भाई शोएब और फिरोज फरार हैं।डीसीपी के मुताबिक डकैती का मास्टरमाइंड जुबैर विजयनगर में बांस-बल्ली की दुकान चलाता था। उसका पिता भी इसी दुकान पर रहता है, जबकि लूट में शामिल जुबैर का भाई शोएब कपड़ों की फेरी और पैठ बाजार में दुकान लगाता है। दोनों भाइयों ने कैश वैन में डकैती के लिए पड़ोसी फिरोज को शामिल किया था। फिरोज दुकानों पर कॉस्मेटिक का सामान आपूर्ति करता है। वहीं, पकड़े गए मोहम्मद कैफ का भाई समीर कोई काम नहीं करता था। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने