ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन व टेबल टेनिस क्लस्टर में यूपी पुलिस का दबदबा

जीते 36 पदक व दो ट्रॉफियां: बैडमिंटन टीम ने जीते 17 पदक, टेबल टेनिस टीम बनी ओवरऑल चैंपियन

लखनऊ/गाजियाबाद
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 9 मई से 13 मई तक आयोजित ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस की पुरुष एवं महिला टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 36 पदक और दो ट्रॉफियां अपने नाम कीं। प्रतियोगिता में देशभर की राज्य पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स की कुल 42 टीमों ने भाग लिया, जिसमें लगभग 1200 खिलाड़ी शामिल हुए।
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस बैडमिंटन टीम ने हेड कोच वरुण पवार, महिला कोच भावना बालियांन तथा सहायक कोच विनय कुमार पांडे के नेतृत्व में 17 पदक अर्जित किए। विगत वर्ष कोच्चि में आयोजित प्रतियोगिता में टीम ने 10 पदक जीते थे, जबकि इस बार प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार करते हुए महिला टीम ने द्वितीय और पुरुष टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश पुलिस के खेल सचिव डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने टीम और कोचिंग स्टाफ को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं उत्तर प्रदेश पुलिस टेबल टेनिस टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। टीम ने 5 गोल्ड, 6 सिल्वर और 8 कांस्य पदक जीतकर सम्पूर्ण भारतीय पुलिस खेलों में अपना दबदबा कायम रखा। टीम के कोच महेश चंद पांडे ने इस सफलता का श्रेय डॉ. प्रीतिंदर सिंह एवं चारु निगम के सहयोग, खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन को दिया। वहीं खिलाड़ियों ने भी अपनी सफलता के पीछे कोचिंग स्टाफ की अहम भूमिका बताई।
उत्तर प्रदेश पुलिस बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस टीमों की इस उपलब्धि पर पुलिस परिवार के मुखिया राजीव कृष्ण सहित अन्य अधिकारियों ने दोनों टीमों की सराहना की। अब दोनों टीमें अक्टूबर 2026 में अहमदाबाद में प्रस्तावित अगली ऑल इंडिया पुलिस प्रतियोगिता की तैयारी में जुटेंगी। खेल सचिव डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने