गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा से रेप के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें मुख्य आरोपी समीर के साथ उसकी बहन पिंकी और जीजा मोनिस खान शामिल हैं। पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए तीनों को लोनी बॉर्डर इलाके से पकड़ा।
यह मामला 7 मई 2026 को सामने आया था, जब पीड़िता की मां ने लोनी बॉर्डर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया था कि राधा विहार निवासी समीर उनकी 17 वर्षीय बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोपी के परिवार पर धमकी देने का भी आरोप लगाया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और लड़की की तलाश के लिए एक टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया। पीड़िता के बयान के बाद मामले में पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराएं बढ़ाई गईं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी। पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर (20) ने बताया कि वह पीड़िता को पहले से जानता था और दोनों के बीच बातचीत होती थी। उसने इसी का फायदा उठाकर अपनी बहन पिंकी (30) और जीजा मोनिस खान (32) की मदद से छात्रा को भगाया और उसके साथ रेप किया।
समीर लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र का निवासी है, जबकि उसकी बहन पिंकी और जीजा मोनिस खान मूल रूप से औरैया जिले के रहने वाले हैं। हालांकि, वे तीनों फिलहाल लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में ही रह रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
Tags
गाजियाबाद