चोरी की बाइक बरामद, चोरी, छिनैती सहित कई मुकदमे दर्ज
गाजियाबाद। लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले दो भाइयों को गिरफ्तार किया है, उनके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपी चोरी की बाइक बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने चेकिंग के दौरान उन्हें पकड़ लिया। दरअसल 14 मई 2026 को एक व्यक्ति ने लोनी बॉर्डर थाने में शिकायत दी थी कि उसके घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी हो गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मंगलवार को पुलिस टीम बेहटा अंडरपास के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की। जांच में उनके पास मौजूद मोटरसाइकिल चोरी की निकली। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सोनू उर्फ शोकीन और नूर मोहम्मद उर्फ लल्ला के रूप में हुई। दोनों लोनी के कंचन पार्क इलाके के रहने वाले हैं और आपस में सगे भाई हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं। पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदात करते हैं। उन्होंने करीब एक सप्ताह पहले राजीव गार्डन मंगल बाजार इलाके से यह मोटरसाइकिल चोरी की थी। दोनों बाइक को बेचने के लिए निकले थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों पर पहले से भी चोरी, छिनैती, मादक पदार्थ और आबकारी अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटा रही है।
Tags
गाजियाबाद