गाजियाबाद से बिहार तक शराब तस्करी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

हरियाणा से सस्ती शराब खरीद ट्रेन से बिहार भेजते थे तस्कर, गांजा तस्करी का भी खुलासा

गाजियाबाद।  
जिले के मोदीनगर से बिहार में हरियाणा मार्क की शराब की तस्करी हो रही थी। निवाड़ी पुलिस ने गिरोह का मंगलवार को पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को पकड़ा है, जिनके कब्जे से 94 शराब की बोतल व 740 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। आरोपित बोतल को कागज में लपेटने के बाद डिब्बे में पैक कर ट्रेन से बिहार भेजते थे। इसके बाद वहां से रकम व गांजा मंगाते थे। इस गांजे की पुड़िया तैयार कर जिले में जगह-जगह बेचा जा रहा था। तीनों आरोपितों से पूछताछ में अन्य साथियों के नाम सामने आए है, जिन्हें पुलिस ट्रेस करने में जुटी है।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित बिहार के पटना के थाना मोकामा क्षेत्र का हिमांशु, अनमोल व मनीष हैं। इनमें हिमांशु का पूर्व में एक दोस्त मोदीनगर से बीटेक कर रहा था। उस समय हिमांशु यहां आया और यहां की भौगोलिक स्थिति को जाना। अनमोल व मनीष को साथ लेकर बिहार में शराब की तस्करी करने का मन बनाया। यहां दिल्ली-मेरठ मार्ग पर स्थित कनन ग्रीन्स सोसायटी में एक फ्लैट किराये पर लिया और कार से हरियाणा के मुरथल से शराब की बोतलें खरीदी। इन बोतल को दिल्ली के रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से बिहार तक भेजना शुरू किया।
13 मई को ही आरोपितों ने दो पेटी शराब बिहार भेजी। इसके साथ ही आरोपितों ने बिहार से गांजा भी मंगवाया। उसे बेचकर मिली रकम से और शराब खरीदी। बिहार तक शराब ले जाने व गांजा लाने के लिए ट्रेन में एक आरोपित को माध्यम बनाया गया, जिसकी पुलिस तलाश में है। आरोपितों ने बताया कि यूपी व दिल्ली के मुकाबले हरियाणा में शराब सस्ती है। ऐसे में उन्होंने हरियाणा से शराब खरीदनी शुरू की। दुहाई में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से वे हरियाणा के मुर्थल पहुंचते और शराब लाकर यहां फ्लैट में इकट्ठा करने के बाद रात में पैकिंग करते। आरोपितों ने महंगी शराब खुद पीने के लिए खरीदी और सस्ती शराब को ही बिहार तक भेजा।
आरोपित कार में हरियाणा मार्क की शराब लेकर जिले में घूमते रहे, लेकिन रास्ते में कहीं पर भी वाहन चेकिंग नहीं हुई। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर भी सामान चेक नहीं हुआ। ऐसे में चेकिंग के दावों की भी पोल खुली। आरोपित हरियाणा से शराब खरीदकर गाजियाबाद होते हुए दिल्ली तक पहुंच गए, लेकिन रास्ते में कहीं भी पुलिस ने चेकिंग नहीं की। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। इस तरह आरोपित शराब के अलावा कुछ भी प्रतिबंधित सामान को आसानी से बिहार सकते थे।
आरोपितों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि साहब बिहार में शराब खरीदने वाले तमाम डीलर हैं। सब अलग-अलग जगहों से शराब खरीदते हैं। अधिक दाम वाले को हमने शराब बेचनी शुरू की। रकम को लेनदेन नकद में होता था, जो आरोपित शराब लेकर जाता था, वह ही रकम देता था।





ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने