गाजियाबाद नगर निगम में पूर्वांचल भवन के संचालन की तैयारी

 नगर आयुक्त की अध्यक्षता में सदस्यता शुल्क और संचालन व्यवस्था पर बनी सहमति


गाजियाबाद।
उत्तरांचल भवन के सफल संचालन के बाद अब नगर निगम ने पूर्वांचल भवन को सक्रिय करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्वांचल एवं बिहार मूल के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान पूर्वांचल भवन के संचालन, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार तथा समाज की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। 
बैठक में सर्वसम्मति से भवन की सदस्यता शुल्क संरचना तय की गई। इसके तहत आजीवन सदस्यता, विशेष सदस्यता और सामान्य सदस्यता की अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि नगर निगम द्वारा पूर्वांचल भवन के संचालन की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। आगामी दिनों में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग सदस्यता ग्रहण करेंगे। उन्होंने कहा कि भवन के सफल संचालन में विभिन्न समितियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी, जो सदस्यता अभियान को गति देंगी। 
बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे पूर्वांचल समाज को एक मंच पर जोड़ने और उसकी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कई लोगों ने मौके पर ही ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण कर अभियान की शुरुआत भी की। सामाजिक प्रतिनिधियों ने कहा कि पूर्वांचल भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि समाज की सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। बैठक का समापन समाज की एकता, सहयोग और भवन के सफल संचालन के संकल्प के साथ हुआ।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने