स्पोर्ट्स एकेडमी और स्वीमिंग पूल सील, दी सख्त चेतावनी
गाजियाबाद। इंदिरापुरम क्षेत्र में ग्रीन बेल्ट पर अवैध कब्जों और व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ बुधवार को नगर निगम एवं गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की संयुक्त टीम ने बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान महापौर सुनीता दयाल स्वयं मौके पर मौजूद रहीं और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
अभियान के तहत कनावनी से लेकर इंदिरापुरम के विभिन्न क्षेत्रों में ग्रीन बेल्ट पर किए गए अतिक्रमणों को चिन्हित किया गया। सबसे अधिक अवैध कब्जे 100 फुटा रोड पर पाए गए, जहां कई स्थानों पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित हो रही थीं। अधिकारियों ने मौके पर कुछ अवैध निर्माणों को ध्वस्त कराया, जबकि कई प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई की गई। नगर निगम और जीडीए की टीम ने इंदिरापुरम स्थित संतोष एंटरप्राइजेज, यूबीसीए स्पोर्ट्स एकेडमी तथा एसके स्वीमिंग पूल को सील कर दिया। अधिकारियों का कहना है कि ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि नियमों के विरुद्ध है और ऐसे अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान मेयर ने मौके पर मौजूद एक व्यक्ति से पूछताछ की कि वह किस अनुमति से वहां रह रहा है। शुरुआत में संबंधित व्यक्ति ने नगर निगम में काम करने की बात कही, लेकिन स्पष्ट जानकारी नहीं दे सका। बाद में उसने बताया कि उसे यह स्थान ‘फैजल’ नामक व्यक्ति ने दिया है। इसी जवाब के बाद मेयर सुनीता दयाल नाराज हो गईं और मौके पर सख्त लहजे में कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा गया कि अवैध कब्जे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर की हरित पट्टियों को अतिक्रमण मुक्त रखना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि ग्रीन बेल्ट पर कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। वहीं अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों और कब्जों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।
Tags
गाजियाबाद