गाजियाबाद। नेशनल हाइवे 24 से सटे इंडस्ट्रियल एरिया में एलएन इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी में सोमवार शाम को भीषण आग लग गई। आग कंपनी की तीन मंजिला बिल्डिंग के हर फ्लोर तक फैल गई। कंपनी में फंसे लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा है। कंपनी में करीब 20 से अधिक लोग फंसे बताए गए। आगजनी इतनी अधिक रही कि करीब 10 किलोमीटर दूर से धुआं दिखाई दिया। आग बुझाने के लिए मौके पर करीब दमकल विभाग की 25 गाड़ियां पहुंची हैं। इनमें गाजियाबाद के सभी फायर स्टेशन की गाड़ियां बुलाई गई हैं। गाजियाबाद के अलावा हापुड़ और नोएडा की गाड़ियां और बुलंदशहर से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गई हैं। वहीं प्रशासन ने कंपनी के आसपास खड़े अमोनिया गैस से भरे करीब 10 टैंकरों को हटाया है। कंपनी में 800 से 1000 कर्मचारी काम करते हैं।
बताया जा रहा है कि कंपनी में लगी CNC मशीन अचानक हिट हो गई, जिसके बाद उसमें आग लग गई जिसने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।बताया जा रहा है कि कंपनी में पंखे और लाइट बनाने का काम होता है। आग इतनी भयावह है कि मौके पर पहुंची दमकल विभाग की कई गाड़ियां लगातार आग बुझाने में जुटी हैं, लेकिन अब तक पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। एहतियात के तौर पर एलएन इलेक्ट्रॉनिक से सटी आसपास की कंपनियों को भी खाली कराया जा रहा है। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
Tags
गाजियाबाद

