गाजियाबाद। नंदग्राम थाना पुलिस ने बुधवार देर रात रोटरी गोल चक्कर के पास मुठभेड़ के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। उसके कब्जे से तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की नौ बाइक बरामद की हैं।
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक देर रात रोटरी गोल चक्कर पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि दो बाइक पर सवार तीन युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर चेकिंग तेज की गई। रात करीब डेढ़ बजे दो बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपित भागने लगे। पीछा करने पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में एक युवक पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान अटौर निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई है।
मौके से नंदग्राम के कृष्णा नगर निवासी मोहित उर्फ रोहित उर्फ तीतर उर्फ तन्नी और सत्यप्रकाश उर्फ सत्या को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अनिल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने कई वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है। आरोपितों से नौ बाइक के अलावा एक बाइक के कलपुर्जे भी बरामद हुए हैं। एसीपी के मुताबिक मोहित उर्फ तीतर के खिलाफ चोरी एवं आर्म्स एक्ट के 19 मुकदमे दर्ज हैं। अनिल कुमार पर सात मुकदमे और सत्यप्रकाश पर पांच केस दर्ज हैं।
Tags
गाजियाबाद