शालीमार गार्डन में लावारिस ट्रक में सीएनजी रिसाव से मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला

चोरी के लिए चोर ने तोड़ा सिलेंडर का नोजल, आरोपी को लोगों ने दबोचा


गाजियाबाद। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र के 80 फुटा रोड स्थित एम-टाइप फ्लैट्स के सामने खड़े एक लावारिस ट्रक में चोरी का प्रयास उस समय भारी पड़ गया, जब चोर द्वारा सीएनजी सिलेंडर की नोजल तोड़ने से तेज दबाव के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। सीएनजी लीक होने की आवाज सुनते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपने घरों व दुकानों से बाहर निकल आए। हालांकि समय रहते गैस रिसाव बंद कर दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एम-टाइप फ्लैट्स के सामने पिछले लगभग छह वर्षों से तीन ट्रक लावारिस हालत में खड़े हैं। इनमें से एक ट्रक में आठ सीएनजी सिलेंडर लगे हुए हैं। मंगलवार को एक चोर ट्रक से सामान चोरी करने के इरादे से पहुंचा और उसने सीएनजी सिलेंडर की नोजल तोड़ दी। नोजल टूटते ही तेज दबाव के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

सीएनजी रिसाव की आवाज सुनकर फ्लैट्स में रहने वाले लोग तुरंत बाहर निकल आए, जबकि 80 फुटा रोड पर स्थित दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी राजेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
स्थानीय स्तर पर सीएनजी किट लगाने का कार्य करने वाले एक मैकेनिक ने तत्परता दिखाते हुए गैस रिसाव को बंद कर दिया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने चोरी का प्रयास कर रहे आरोपी को पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार, तीनों ट्रक अशोक गुप्ता नामक व्यक्ति के बताए जा रहे हैं। उन्हें फोन पर सूचना दे दी गई है। यदि निर्धारित समय तक वाहन स्वामी मौके पर नहीं पहुंचते हैं तो तीनों ट्रकों को लावारिस वाहन के रूप में जब्त कर संबंधित प्रक्रिया के तहत जमा कराया जाएगा।
पहले भी उठ चुके हैं सवाल: स्थानीय निवासियों का कहना है कि इन लावारिस ट्रकों की शिकायत कई बार पुलिस और संबंधित अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे वर्षों से खड़े इन ट्रकों के कारण अक्सर यातायात प्रभावित होता है। साथ ही दिल्ली और अन्य स्थानों से आने वाले भारी वाहन भी 80 फुटा रोड पर खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे जाम की समस्या बनी रहती है।
लावारिस वाहनों के खड़े होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी: घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे लंबे समय से खड़े लावारिस और अनुपयोगी वाहनों को तत्काल हटाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि मंगलवार की घटना ने प्रशासनिक लापरवाही की गंभीरता को उजागर कर दिया है और समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने