अर्थला डूब क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग पर चला निगम का बुलडोजर: करोड़ों की सरकारी जमीन कब्जामुक्त

2.90 हेक्टेयर सरकारी भूमि मुक्त, अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई


गाजियाबाद।
नगर निगम ने अवैध कब्जों और प्लॉटिंग के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में शुक्रवार को ग्राम अर्थला के डूब क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। निगम ने करोड़ों रुपये की सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराया और अवैध रूप से विकसित की जा रही प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, डूब क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कब्जा कर प्लॉट काटे जाने की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। आरोप था कि कुछ व्यक्ति सरकारी जमीन पर कब्जा कर उसे बेचने की फिराक में थे। इन शिकायतों के बाद नगर निगम ने राजस्व विभाग और पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त टीम गठित की और यह अभियान चलाया। इस कार्रवाई में लगभग 2.9010 हेक्टेयर नगर निगम की जमीन को खाली कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
अपर नगरायुक्त जे.बी. यादव ने बताया कि नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि डूब क्षेत्र में प्लॉटिंग पूरी तरह से अवैध है और ऐसे मामलों में लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने यह भी चेतावनी दी है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। अधिकारियों ने इस मामले में कई संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की है, जो चेतावनी के बावजूद अवैध कब्जे और प्लॉटिंग में संलिप्त थे। इन व्यक्तियों की रिपोर्ट तैयार कर नगर निगम को भेज दी गई है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने