उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार में वर्षों बाद पहुंची बिजली, दर्जनों परिवार ने सीएम को दिया धन्यवाद

नई दिल्ली।
देश की राजधानी दिल्ली में जहां एक ओर आधुनिक बुनियादी ढांचे और विकास की तस्वीर दिखाई देती है, वहीं उत्तर-पूर्वी दिल्ली के गोकुलपुरी स्थित हर्ष विहार ए-3 की गली संख्या 23-24 के दर्जनों परिवार वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को मजबूर थे। बिजली, पक्की नालियों, स्वच्छ पेयजल और नियमित सफाई जैसी आवश्यक सुविधाओं से वंचित इस क्षेत्र के लोगों को अब बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के हस्तक्षेप के बाद हर्ष विहार ए-3 क्षेत्र में बिजली आपूर्ति का कार्य शुरू हो गया है। क्षेत्र में ट्रांसफॉर्मर स्थापित किए गए हैं और अब तक 36 परिवारों को नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वर्षों के इंतजार के बाद घरों में बिजली पहुंचने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जन सेवा सदन में क्षेत्र के निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने घरों में रोशनी पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उनका कहना था कि लंबे समय से बिजली जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा था।
इस अवसर पर भाजपा विधायक एवं नॉर्थ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कमेटी के चेयरमैन जितेंद्र महाजन ने कहा कि वर्ष 2018 से क्षेत्र में बिजली कनेक्शन दिलाने की प्रक्रिया चल रही थी। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती सरकार ने इस दिशा में ठोस कार्य नहीं किया, जबकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद मनोज तिवारी के प्रयासों से लंबित कार्य को पूरा कराया गया।
महाजन ने कहा कि अब 36 परिवारों को बिजली के नए कनेक्शन मिल चुके हैं और क्षेत्र के विकास के लिए अन्य आवश्यक कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री और सांसद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे जनसेवा और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। हालांकि क्षेत्र के निवासियों का कहना है कि बिजली सुविधा मिलने से राहत जरूर मिली है, लेकिन राजधानी दिल्ली में वर्षों तक ऐसी स्थिति बने रहना कई सवाल भी खड़े करता है। स्थानीय लोग अब सड़क, जल निकासी, पेयजल और सफाई जैसी अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास की भी उम्मीद कर रहे हैं।
फिलहाल बिजली आने से हर्ष विहार के परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगी है। बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्यों और दैनिक जीवन की सुविधाओं में सुधार होने से लोगों के चेहरे पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दे रही है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने