इंदिरापुरम में पुलिस से मुठभेड़ में स्नेचर इरशाद के पैर में गोली लगी, दो आईफोन और तमंचा


गाजियाबाद।
इंदिरापुरम में चेन स्नैचिंग पर लगाम कसने के लिए चल रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। गोली लगने से आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया, "बीती रात थाना इंदिरापुरम क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। नॉर्थ इंडिया मॉल की ओर जाती सड़क पर एक मोटरसाइकिल सवार को रोका गया। लेकिन उसने बाइक नहीं रोकी और तेज रफ्तार से भागने लगा। भागते हुए वह फिसलकर गिर गया। खुद को घिरा देखकर उसने पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।" 
एसीपी ने आगे बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इरशाद उर्फ मिच्चू पुत्र इदरीश निवासी प्रेम नगर लोनी बताया। वह दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में लूटपाट, स्नैचिंग और चोरी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की एक चोरी की घटना में भी उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस को आरोपी के कब्जे से दो आईफोन, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा बरामद हुआ है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। 
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इंदिरापुरम और आसपास के इलाकों में हाल के महीनों में स्नैचिंग और मोबाइल चोरी की घटनाएं बढ़ी थीं। ऐसे में पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर सघन चेकिंग शुरू की थी। इस मुठभेड़ को उसी अभियान की सफलता माना जा रहा है। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने कहा कि पुलिस किसी भी कीमत पर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है। अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। 

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने