जवाहर पार्क में ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद कपड़ा व्यापारी को मिली धमकी

स्कूटी सवार बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, 10 कारतूस के खोखे बरामद, इलाके में दहशत


गाजियाबाद।
थाना साहिबाबाद क्षेत्र की शहीद नगर चौकी अंतर्गत जवाहर पार्क में देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग और उसके बाद एक कपड़ा व्यापारी को मिली धमकी से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के विरोध में क्षेत्र के व्यापारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने पुलिस से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार जवाहर पार्क निवासी भरत पुत्र रमेश, जो अपने घर पर ही कपड़े का व्यवसाय करते हैं, को अज्ञात व्यक्ति द्वारा "अगली बारी तेरी है" जैसी धमकी दी गई है। धमकी मिलने के बाद व्यापारी और उनका परिवार भयभीत है।

स्थानीय लोगों के अनुसार बीती रात करीब 11 बजे जवाहर पार्क स्थित एक मकान पर दो स्कूटी सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी पर सवार थे और हेलमेट लगाए हुए थे। बदमाशों ने लगभग 10 से 12 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि जिस मकान को निशाना बनाया गया, वह वर्तमान में बंद पड़ा है। कुछ दिन पूर्व उक्त मकान को लेकर कब्जे का विवाद सामने आया था। पुलिस ने हस्तक्षेप कर मकान को कब्जामुक्त कराकर एक विधवा महिला को उसका स्वामित्व दिलाया था। इसके बाद से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से करीब 10 कारतूसों के खोखे बरामद कर अपने कब्जे में लिए हैं। हालांकि स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि मामले की गंभीरता के बावजूद पुलिस अपेक्षित तत्परता नहीं दिखा रही है। व्यापारियों का कहना है कि फायरिंग की घटना और उसके बाद व्यापारी को मिली धमकी से क्षेत्र में भय का वातावरण बन गया है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर इलाके का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। व्यापारियों ने प्रशासन से दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने तथा प्रभावित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने