हादसे के दौरान गोदाम और झुग्गियों में रखे घरेलू सिलेंडरों में कई धमाके हुए
गाजियाबाद: वसुंधरा सेक्टर-3 इलाके में सोमवार दोपहर उस वक्त भारी अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब कबाड़ के एक गोदाम व पास बनी झुग्गी-झोपड़ियों में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में ही इसने विकराल रूप धारण कर लिया. आसमान में धुएं का काला गुबार छा गया. दुनिया के कारण आसपास की सोसाइटी में रहने वाले लोग भी दहशत में आ गए. लोगों के घरों में धुआं भरना शुरू हो गया और सांस लेने में परेशानी होने लगी. हादसे के दौरान गोदाम और झुग्गियों में रखे घरेलू सिलेंडरों में एक के बाद एक कई धमाके हुए, जिससे पूरा इलाका थर्रा उठा.
आग लगने के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास में खड़े कई वाहन इसकी चपेट में आ गए और जलकर खाक हो गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग के दौरान हुए सिलसिलेवार सिलेंडर ब्लास्ट के कारण लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही गाजियाबाद फायर विभाग की टीम व स्थानीय पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचे.
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए गाजियाबाद के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि सोमवार दोपहर लगभग 03:09 बजे फायर स्टेशन वैशाली को सूचना मिली थी कि वसुंधरा सेक्टर-3 में कबाड़ के गोदाम व झुग्गियों में आग लग गई है और वहां सिलेंडर ब्लास्ट हो रहे हैं. सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियों को तुरंत रवाना किया गया. लगभग 10 से 12 झुग्गी-झोपड़ियों में आग फैल चुकी थी. इस दौरान करीब 3 से 4 सिलेंडरों में ब्लास्ट हुआ, जबकि दमकलकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए 5 से 7 सिलेंडरों को फटने से पहले ही सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
राहत की बात ये रही कि इस भीषण दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई. दमकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक झुग्गियों के अंदर कुछ लोग और पशु फंसे हुए थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. जिस जगह आग लगी, उसके ठीक पीछे घनी आबादी वाला क्षेत्र है. बगल में एक बैंकेट हॉल स्थित था. दमकलकर्मियों ने बैंकेट हॉल से पानी की मदद लेकर और फायर ब्रिगेड की कुल 7 गाड़ियों की सहायता से आग को आबादी वाले क्षेत्र में फैलने से रोक दिया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. फिलहाल मौके पर कूलिंग का कार्य किया जा रहा है. आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जा रही है.
जहां पर झुग्गियों में आग लगी थी उसके आसपास बहुमंजिला इमारतें हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग रहते हैं. आग लगने के बाद दुनिया का गब्बर इन सोसाइटी में भी पहुंचने लगा. धुएं के कारण प्लेटो में रह रहे लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी. ज्यादातर लोगों ने खिड़की दरवाजे बंद कर लिए बहुत से लोग फ्लैट से बाहर निकल गए, जिससे कि वह सांस ले सकें.
Tags
गाजियाबाद