गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत सूर्यनगर स्थित रामपुरी इलाके में मंगलवार तड़के एक अपार्टमेंट की पार्किंग में चार्जिंग पर लगी इलेक्ट्रिक कार में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और घना धुआं फैलने के कारण अपार्टमेंट में रहने वाले कई लोग फंस गए। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पॉल ने बताया कि, मंगलवार 27 मई 2026 को रात्रि 02:24 बजे एमडीटी के माध्यम से फायर स्टेशन को सूचना प्राप्त हुई कि A-77, रामपुरी, सूर्यनगर, नियर रामपुरी रोड स्थित एक अपार्टमेंट की पार्किंग में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही प्रभारी अधिकारी साहिबाबाद, वैशाली तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद फायर टेंडरों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुए। मौके पर पहुंचने पर फायर सर्विस टीम ने देखा कि पार्किंग में खड़ी इलेक्ट्रिक कार संख्या UP 14FS 4593, जो चार्जिंग में लगी हुई थी, उसमें भीषण आग लगी हुई थी। आग के कारण पूरे परिसर में तेजी से धुआं फैल गया, जिससे अपार्टमेंट में रहने वाले लोग घबरा गए।
फायर कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी निवासी सुरक्षित बाहर निकल आए और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के दौरान अपार्टमेंट में रहने वाले जिन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, उनमें सत्य प्रकाश गुप्ता (83 वर्ष), पार्वती गुप्ता (78 वर्ष), कार्तिक गुप्ता (32 वर्ष), आर्यमान गुप्ता (30 वर्ष), देवेश गुप्ता (27 वर्ष), तरु गुप्ता (23 वर्ष), प्रह्लाद खंडेलवाल (76 वर्ष), सचिन खंडेलवाल (49 वर्ष), अमिता खंडेलवाल (45 वर्ष), हिमांशु तलवार (39 वर्ष), जगदीश तलवार (76 वर्ष) तथा नीता तलवार (61 वर्ष) शामिल हैं। फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।
Tags
गाजियाबाद