लिंक रोड थाना पुलिस ने सोने के जेवरात, 800 रुपए और बाइक बरामद की
गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र में पुलिस ने महिलाओं को बातों में फंसाकर गहने ठगने वाले एक शातिर युवक और उसकी साथी महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक मंगलसूत्र, कानों की एक जोड़ी बाली, 800 रुपए नकद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
वृंदावन विहार निवासी रीता यादव ने शिकायत दी थी कि 7 मई को एक व्यक्ति उनके घर आया और पानी मांगने लगा। बातचीत के दौरान उसने महिला को अपने झांसे में ले लिया। इसके बाद महिला ने खुद ही अपने गले का मंगलसूत्र, कानों की बालियां, पैरों की पायल और घर में रखा पर्स उसे दे दिया। पर्स में एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड और नकदी रखी थी। कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने रामलीला पार्क के पास से इकरार हुसैन उर्फ विनोद और उसकी साथी रीता आर्या को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कपड़े बेचने के बहाने कॉलोनियों में घूमते थे और अकेली महिलाओं को निशाना बनाते थे। आरोपी महिलाओं को बातों में उलझाकर उनके गहने उतरवा लेते थे और बाद में उन्हें बेच देते थे।
आरोपी इकरार ने बताया कि वह मूल रूप से कानपुर का रहने वाला है और अपनी साली रीता आर्या के साथ मिलकर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता था। दोनों पहले हरियाणा में भी ऐसी वारदात कर चुके हैं। पुलिस अब आरोपियों के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। लिंक रोड थाना इंचार्ज रविंद्र चंद्र पंत ने बताया कि आरोपी इकरार फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम किया करता था इसी दौरान उसने अपनी साली के साथ मिलकर महिलाओं को ठगना शुरू कर दिया, इकरार ने दो शादी की हुई है पहली बीवी मुस्लिम है तो दूसरी बीवी हिंदू है।
Tags
गाजियाबाद