नंदग्राम में महिला ड्रग तस्कर गिरफ्तार

26 लाख की स्मैक-गांजा और 5.98 लाख नकदी बरामद

गाजियाबाद।
नंदग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा, स्मैक, लाखों रुपये की नकदी और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान गीता निवासी नई बस्ती, नंदग्राम के रूप में हुई है। क्षेत्र में लंबे समय से मादक पदार्थों की बिक्री की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से निगरानी शुरू की।
जांच के दौरान तीस फुटा रोड स्थित गली नंबर-1 में छापेमारी कर महिला को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से करीब 900 ग्राम गांजा तथा 172 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक को 2460 पुड़ियों में पैक किया गया था और उसे विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करने की तैयारी थी। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी महिला के पास से 5 लाख 98 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। यह रकम अलग-अलग मूल्य के नोटों और सिक्कों के रूप में रखी गई थी। मौके से सात मोबाइल फोन भी मिले हैं, जिनमें कीपैड और एंड्रॉयड दोनों प्रकार के फोन शामिल हैं। 
पुलिस का मानना है कि इनका इस्तेमाल ग्राहकों और सप्लायरों से संपर्क बनाए रखने के लिए किया जाता था।
पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह क्षेत्र में घूम-घूमकर गांजा और स्मैक बेचती थी तथा इसी अवैध कारोबार से अपना जीवनयापन करती थी। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीले पदार्थों की खेप कहां से लाई जाती थी तथा किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई की जाती थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने