हाईवे पर किडनैपिंग और लूट से मचा हड़कंप, कुछ घंटों में पुलिस ने खोला राज!

दिल्ली पुलिस ने घंटों में दबोचे 6 बदमाश, दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर सक्रिय थालुटेरा गैंग


नई दिल्ली।
नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने हाईवे पर हुई अपहरण और लूट की सनसनीखेज वारदात का कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चार वयस्क और दो नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई कार, लूटी गई बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार घटना 26-27 मई 2026 की दरमियानी रात की है। होलंबी खुर्द निवासी अभिनव त्रिपाठी शाहबाद डेयरी से बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छोटी मेट्रो कट के पास पीछे से आई सफेद रंग की मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार ने उनकी बाइक को रोक लिया। कार से उतरे चार बदमाशों ने अभिनव को जबरन कार में डाल लिया और चलती कार में उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उनका मोबाइल फोन लूट लिया, जबकि एक बदमाश उनकी बाइक लेकर फरार हो गया।
वारदात के बाद बदमाश अभिनव को नरेला स्थित हनुमान मंदिर के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित के भाई ने पीसीआर कॉल की, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। टीम ने इलाके के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सर्विलांस के साथ लोकल इंटेलिजेंस की मदद ली। जांच के दौरान पुलिस ने सभी छह आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित, हर्ष, सुधीर और संकेत के रूप में हुई है, जबकि दो नाबालिगों को ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी दिल्ली और हरियाणा के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद मारुति सुजुकी फ्रॉन्क्स कार, पीड़ित की बाइक और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि यह गैंग दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर हुई अन्य हाईवे लूट की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने