21 कौशल पाठ्यक्रमों में 508 विद्यार्थी ले रहे प्रशिक्षण, सीबीएसई अधिकारी ने की सराहना
गाजियाबाद। राजेंद्र नगर स्थित स्वामी विवेकानंद सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित दस दिवसीय कौशल विकास शिविर-2026 निरंतर उत्साह एवं नवाचार के साथ संचालित हो रहा है। शिविर में कुल 21 कौशल आधारित पाठ्यक्रमों का संचालन किया जा रहा है, जिसमें 508 विद्यार्थी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं। शिविर के दौरान सीबीएसई के स्किल डेवलपमेंट डायरेक्टर डॉ. बिस्वजीत साहा ने विद्यालय का दौरा किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न कौशल गतिविधियों का अवलोकन किया तथा विद्यालय में संचालित कौशल शिक्षा कार्यक्रम की सराहना की।डॉ. साहा ने कहा कि वर्तमान समय में कौशल आधारित शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं आत्मनिर्भरता के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय द्वारा विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान एवं प्रशिक्षण प्रदान करने के प्रयास को सराहनीय बताया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंध समिति के संस्थापक सदस्य जैनपाल जैन ने भी शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को श्रम का सम्मान करते हुए अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के साथ कौशल सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कौशल शिक्षा विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं कार्यकुशलता का विकास करती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश रघुवंशी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ जीवनोपयोगी कौशलों में दक्ष बनाना है, जिससे वे भविष्य में आत्मनिर्भर एवं सफल नागरिक बन सकें। शिविर में विभिन्न कौशल पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थी खेल-खेल में नई तकनीकों एवं व्यावहारिक ज्ञान को सीख रहे हैं। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, अनुशासन एवं सृजनात्मकता से परिपूर्ण रहा।
Tags
गाजियाबाद