दिल्ली में करोड़ों की डकैती का खुलासा: नौकर निकला मास्टरमाइंड


नई दिल्ली।
राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले वीवीआईपी क्षेत्र तुगलक रोड स्थित गोल्फ कोर्स इलाके की एक आलीशान कोठी में हुई सनसनीखेज डकैती का दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया है कि घर में कुछ दिन पहले नौकरी पर रखा गया घरेलू नौकर ही इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला, जिसने अपने साथियों को घर के अंदर प्रवेश दिलाकर लाखों रुपये की लूट को अंजाम दिलाया।
मामले में क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज टीम ने कुख्यात अपराधी निहाल हसन उर्फ संजय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ डकैती, लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। अदालत उसे सात मामलों में दोषी भी ठहरा चुकी है।
पुलिस के मुताबिक 17 अप्रैल 2026 की रात करीब साढ़े आठ बजे तुगलक रोड थाना क्षेत्र के गोल्फ कोर्स इलाके स्थित एक कारोबारी की कोठी में डकैती की सूचना मिली थी। जांच में पता चला कि घर में महज चार-पांच दिन पहले नौकरी पर रखे गए नौकर सुशील ने मुख्य गेट खोलकर अपने पांच-छह साथियों को अंदर बुलाया था।
घर में घुसते ही बदमाशों ने तलवार, लोहे की सरिया और अन्य हथियारों के बल पर परिवार को आतंकित कर दिया। आरोपियों ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बनाकर घर में रखे लाखों रुपये के गहने, नकदी तथा अन्य कीमती सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज को सौंपी गई। पुलिस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी निहाल हसन की गतिविधियों पर नजर रखी। 21 मई को सूचना मिली कि वह खजूरी इलाके में अपने साथियों से मिलने आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। खुद को घिरता देख आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। पुलिस के अनुसार गैंग पहले संपन्न और पॉश इलाकों में रहने वाले लोगों के घरों की रेकी करता था। इसके बाद गिरोह का कोई सदस्य घरेलू नौकर बनकर घर में नौकरी हासिल कर लेता था। वह परिवार की दिनचर्या, सुरक्षा व्यवस्था और घर में मौजूद कीमती सामान की जानकारी जुटाता था। सही मौका मिलने पर गैंग के अन्य सदस्य हथियारों के साथ घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस का कहना है कि निहाल हसन लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय है और लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के कारण उसके परिवार ने भी उससे संबंध तोड़ लिए थे। क्राइम ब्रांच अब फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूटा गया सामान भी बरामद कर लिया जाएगा। दिल्ली पुलिस ने लोगों से घरेलू नौकर रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन कराने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने