गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र की आदर्श कॉलोनी में जनगणना के दौरान शुरू हुआ एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। पड़ोसी के घर का पता जनगणना कर्मचारियों को बताने से नाराज एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना शुक्रवार को जलालपुर रोड स्थित आदर्श कॉलोनी में हुई। पुलिस के अनुसार जनगणना कर्मचारी रामपाल चौधरी के घर परिवार और किरायेदारों से संबंधित जानकारी एकत्र करने पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान रामपाल की जनगणना कर्मियों से कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में रामपाल ने कर्मचारियों को घर से भगा दिया और वहां से चला गया।
इस दौरान जनगणना कर्मचारियों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पुलिस के लौटने के बाद रामपाल ने जनगणना कर्मचारियों से पूछा कि उन्हें उसके घर का पता किसने बताया था। कर्मचारियों ने बताया कि पड़ोसी वीरेंद्र त्यागी ने उन्हें नाम और पते की जानकारी दी थी। यह जानकारी मिलने के बाद रामपाल चौधरी पड़ोसी वीरेंद्र त्यागी के घर पहुंच गया। दोनों के बीच काफी देर तक तीखी बहस हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रामपाल ने तमंचे से वीरेंद्र त्यागी पर गोली चला दी। गोली लगने से वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि 23 मई को करीब 11 बजे डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को उसके पड़ोसी ने गोली मार दी है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी रामपाल चौधरी को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस बात से नाराज था कि जनगणना कर्मियों को उसके घर तक पहुंचाने में पड़ोसी वीरेंद्र त्यागी की भूमिका थी। इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद