शाहदरा पुलिस ने 12 घंटे में दबोचे तीन आरोपी, चाकू भी बरामद
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र में महिला से कथित छेड़छाड़ का विरोध करना उसके पति को भारी पड़ गया। ओल्ड सीलमपुर इलाके में बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालांकि शाहदरा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर एक वयस्क आरोपी और दो किशोर आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। शाहदरा जिले के डीसीपी आरपी मीणा ने बताया कि 13 मई को सूचना मिली थी कि जीटीबी अस्पताल में एक घायल युवक को भर्ती कराया गया है, जिस पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। मामले में गांधी नगर थाने में एफआईआर दर्ज कर विशेष जांच टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी निगरानी और फुटेज के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद शेहवाज नामक आरोपी और दो नाबालिगों को हिरासत में ले लिया।
जांच में सामने आया कि जितेंद्र कुमार अपनी पत्नी के साथ ओल्ड सीलमपुर के हलान चौक स्थित रेलवे लाइन इलाके से गुजर रहे थे। इसी दौरान चार युवकों ने उनकी पत्नी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपियों ने दंपती के साथ मारपीट की और जितेंद्र कुमार पर चाकू से हमला कर फरार हो गए।
Tags
दिल्ली