जिला प्रशासन और प्राधिकरण से शीघ्र कार्रवाई की मांग, अधिवक्ताओं के हितों का दिया हवाला
नोएडा। जनपद दीवानी एवं फौजदारी बार एसोसिएशन, गौतमबुद्ध नगर ने अधिवक्ताओं के चैंबर्स के पुनर्निर्माण एवं संबंधित भूमि के मामले में जिला प्रशासन और प्राधिकरण से आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में बार एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी एवं प्राधिकरण अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज भाटी (बोड़ाकी) एवं सचिव शोभाराम चन्दीला एडवोकेट द्वारा जारी ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम सूरजपुर, परगना दादरी, तहसील एवं जिला गौतमबुद्ध नगर स्थित खसरा संख्या-609, क्षेत्रफल लगभग 500 मीटर भूमि पर अधिवक्ताओं के चैंबर्स का पुनर्निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
ज्ञापन में बताया गया कि पूर्व में जिला उपभोक्ता आयोग के गठन के दौरान अधिवक्ताओं के चैंबर्स के लिए उक्त भूमि चिन्हित की गई थी। तब से अधिवक्तागण वहां अपने चैंबर्स बनाकर विधि व्यवसाय कर रहे हैं। वर्तमान में अधिवक्ताओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अधिक से अधिक अधिवक्ताओं को व्यवस्थित रूप से चैंबर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुनर्निर्माण कार्य कराया जा रहा है।
बार एसोसिएशन ने कहा कि अधिवक्ताओं के हित में चैंबर्स का निर्माण समिति के निर्देशन में सामूहिक रूप से कराया जा रहा है, ताकि अधिवक्ता सुव्यवस्थित तरीके से अपना विधि व्यवसाय संचालित कर सकें।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्राधिकरण अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के दौरान जानकारी मिली कि संबंधित भूमि का मालिकाना हक प्राधिकरण में दर्ज नहीं है। ऐसे में पूर्व से बने चैंबर्स के पुनर्निर्माण को लेकर उच्च स्तर पर अधिवक्ताओं के हित में उचित निर्णय लिया जाना आवश्यक है। बार एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि अधिवक्ताओं की समस्याओं और हितों को ध्यान में रखते हुए मामले में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
Tags
नोएडा