बहन से प्रेम-प्रसंग का बदला: नितिन हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार

आरोपियों का कबूलनामा: 'बहन से था प्रेम-प्रसंग, शादी के बाद भी कर रहा था बदनाम इसलिए की नीतिन की हत्या'


गाजियाबाद।
लोनी क्षेत्र में तीन दिन पहले हुए बहुचर्चित नितिन हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए इसे ऑनर किलिंग का मामला बताया है। पुलिस के अनुसार बहन से प्रेम-प्रसंग और परिवार की कथित बदनामी से नाराज युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर नितिन की हत्या की साजिश रची थी। मामले में मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक नितिन बागपत का निवासी था। गिरफ्तार मुख्य आरोपी आशुतोष राणा निवासी बसौद (बागपत) ने पूछताछ में बताया कि 27 फरवरी 2026 को नितिन उसकी बहन को अपने साथ भगा ले गया था। इस संबंध में सिंघावली अहीर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बाद में युवती की बरामदगी होने पर उसने नितिन के पक्ष में बयान दे दिया, जिसके चलते मामले में अंतिम रिपोर्ट (एफआर) लग गई। इसके बाद परिवार ने युवती का विवाह अन्य स्थान पर कर दिया। आशुतोष का आरोप है कि बहन की शादी हो जाने के बावजूद नितिन उसके नाम को लेकर आसपास के गांवों में चर्चा करता था, जिससे परिवार की बदनामी हो रही थी। कई बार समझाने के बावजूद जब वह नहीं माना तो उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई।
बीयर पार्टी के बहाने बुलाकर मारी गोली: 
पुलिस के मुताबिक आशुतोष ने अपने दोस्त मुकुल त्यागी, तनिष तथा मौसेरे भाई शिवा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। चूंकि शिवा और नितिन पहले से परिचित थे, इसलिए उसे योजना में अहम भूमिका दी गई। 27 मई को शिवा ने नितिन को फोन कर बीयर पीने के बहाने लोनी स्थित बनथला नहर के पास बुलाया। वहां आशुतोष और मुकुल पहले से मौजूद थे। जैसे ही नितिन वहां पहुंचा और बीयर पीने लगा, आरोपियों ने उस पर पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से नितिन की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अलग-अलग मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।
पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा: घटना के बाद 27 मई को मृतक के तहेरे भाई श्रीचंद की तहरीर पर लोनी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर 29-30 मई की रात मुख्य आरोपी आशुतोष राणा और उसके साथी मुकुल त्यागी निवासी रतनपुरी (बागपत) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की है। वहीं फरार आरोपियों तनिष और शिवा निवासी सिकंदराबाद (बुलंदशहर) की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
ऑनर किलिंग का मामला मान रही पुलिस: पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे बहन के प्रेम-प्रसंग और पारिवारिक प्रतिष्ठा से जुड़ा विवाद मुख्य कारण सामने आया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने