दिल्ली में नकली MRF और CEAT ट्यूब बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, छह गिरफ्तार


नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस ने नामी कंपनियों के नकली ऑटोमोबाइल ट्यूब बनाकर बाजार में बेचने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नकली MRF और CEAT ब्रांड के ट्यूब, फर्जी पैकिंग सामग्री और स्टैंपिंग मशीन बरामद की है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली के एस.पी. मुखर्जी मार्ग स्थित नोवेल्टी और फ्रेंड्स टायर मार्केट में सक्रिय था। आरोपी साधारण रबर ट्यूब पर हाथ से नकली MRF और अन्य ब्रांड की मोहर लगाकर उन्हें फर्जी पैकेटों में पैक करते थे और असली कंपनी का उत्पाद बताकर बाजार में बेचते थे। पुलिस का कहना है कि इस फर्जीवाड़े से ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी हो रही थी और सड़क सुरक्षा पर भी गंभीर खतरा पैदा हो गया था। दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि इलाके में नामी कंपनियों के नाम पर नकली ट्यूब तैयार किए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने 16 और 17 मई की रात कई दुकानों और गोदामों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 1450 नकली MRF ट्यूब, 1072 नकली पैकिंग पाउच, 100 साधारण रबर ट्यूब तथा एक स्टैंपिंग मशीन बरामद की गई। 
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी गगनदीप सिंह उर्फ गगन कालरा अपने साथी मोहम्मद जाकिर के साथ मिलकर नकली ट्यूब तैयार करता था। इसके बाद इन्हें आसपास के दुकानदारों को सप्लाई किया जाता था, जो ग्राहकों को इन्हें असली ब्रांड का सामान बताकर बेचते थे। अधिकांश लेन-देन नकद में किया जाता था। पुलिस ने इस मामले में मोहम्मद जाकिर, दीपक गुप्ता, मनमीत सिंह, दिनेश गुप्ता, विनायक गुप्ता और गगनदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों, गोदाम संचालकों और कारोबार से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने