दो हुक्का बार पर पड़ा छापा, 9 हुक्के, चिलम व फ्लेवर तंबाकू बरामद
गाजियाबाद। थाना कौशांबी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कौशांबी स्थित एंजल मॉल के द पब्लिक हाउस और द लुक क्लब में चल रहे अवैध हुक्का बार पर छापेमारी कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 9 हुक्के, 9 हुक्का पाइप, 9 चिलम तथा फ्लेवर तंबाकू के 4 डिब्बे बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार मंगलवार को सूचना मिली थी कि दोनों क्लबों में बिना किसी वैध लाइसेंस के ग्राहकों को फ्लेवरयुक्त तंबाकू के साथ हुक्का परोसा जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने छापा मारकर कार्रवाई की। द पब्लिक हाउस से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ऋतिक पुत्र दिलीप, भरत सिंह पुत्र चतुर सिंह, विशाल पुत्र हरी श्रीवास्तव, कौशल पुत्र इंद्र सिंह तथा अंशुल पुत्र धर्मपाल के रूप में हुई है। वहीं द लुक क्लब से प्रिंस पुत्र राजेश, नावेद पुत्र राज, जगदीश पुत्र धन्नू, अजय पुत्र महीपाल तथा अनूप पुत्र इतवारी लाल को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे क्लब संचालकों के निर्देश पर ग्राहकों को फ्लेवरयुक्त हुक्का उपलब्ध कराते थे। उनके पास हुक्का बार संचालित करने का कोई लाइसेंस नहीं था। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 की धारा 21/22 के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार द पब्लिक हाउस का संचालक रिहान आलम तथा द लुक क्लब का संचालक प्रवीण छापेमारी के दौरान मौके से फरार हो गए। दोनों की तलाश की जा रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
Tags
गाजियाबाद
