ऑपरेशन प्रहार: नंदग्राम पुलिस व ANTF मेरठ की संयुक्त कार्रवाई, 1.42 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ व ड्रग मनी बरामद
गाजियाबाद। पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के 'ऑपरेशन प्रहार' अभियान के तहत थाना नंदग्राम पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) मेरठ की संयुक्त टीम ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा, एमडीएमए, चरस, ड्रग मनी, एक कार तथा तस्करी में प्रयुक्त अन्य उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 1.42 करोड़ रुपये बताई गई है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितिन यादव पुत्र राधेश्याम यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से थाना बसरेहर, जनपद इटावा का निवासी है तथा वर्तमान में राजीव ठाकुर के फ्लैट संख्या-1105, पाम रिजॉर्ट, राजनगर एक्सटेंशन, थाना नंदग्राम क्षेत्र में किराये पर रह रहा था। पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर आशियाना चौक से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर इंद्रापुरम स्थित शक्ति खंड के एक फ्लैट से मादक पदार्थ, पैकिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटे, छह मोबाइल फोन, 5 लाख रुपये की ड्रग मनी और घटना में प्रयुक्त मारुति ब्रेजा कार बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली के दिलशाद विहार से गांजा खरीदकर अपने ठिकाने पर उसकी पैकिंग करता था और फिर अपने एक साथी के माध्यम से गांजा, चरस और एमडीएमए की बिक्री कराता था। बिक्री से मिली रकम भी वह उसी फ्लैट में रखता था और उसी पैसे से दोबारा नशीला पदार्थ खरीदने जाता था।
पुलिस ने 20 ग्राम एमडीएमए, 66 ग्राम ओजी, 7.908 किलोग्राम गांजा, 3.182 किलोग्राम मैंगो गांजा, 132 ग्राम चरस, 922 ग्राम गांजा चूरा, मारुति ब्रेजा कार, 5 लाख नकद ड्रग मनी, 6 मोबाइल फोन, 4 इलेक्ट्रॉनिक कांटे, पैकिंग मशीन व अन्य सामग्री, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और 10 बैंक कार्ड बरामद किया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट सहित कुल पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
Tags
गाजियाबाद
