एमबीए युवक बना साइबर ठगों का साथी, गिरफ्तार

 

डिजिटल अरेस्ट कर 2.19 करोड़ की ठगी करने वाले गैंग का सदस्य है आरोपी, दो मोबाइल बरामद

गाजियाबाद
। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 2.19 करोड़ रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। मामले में साइबर ठगी की रकम में से 19 लाख रुपये फ्रीज भी कराए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, रामप्रस्थ कॉलोनी निवासी राम प्रकाश हुरिया को 22 मई से 4 जून 2026 के बीच मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर डिजिटल अरेस्ट रखा गया। इस दौरान साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 2.19 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 29 जून को उन्नाव के अचलगंज थाना क्षेत्र से गिरोह के सदस्य शुभम सिंह यादव (37) निवासी श्रीनगर, आलमबाग, लखनऊ को गिरफ्तार किया। वह एमबीए शिक्षित है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि होटल लीज और निर्माण कार्य के व्यवसाय के दौरान उसकी मुलाकात हरिओम पांडेय से हुई, जिसने शेयर ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के नाम पर बैंक खातों का उपयोग करने और कमीशन देने का लालच दिया। आरोपी ने अपने बैंक खाते की इंटरनेट बैंकिंग की जानकारी और ओटीपी फॉरवर्ड करने की सुविधा उपलब्ध करा दी, जिसके माध्यम से साइबर ठगी की रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर की जाती थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के विदेश में बैठे सदस्य, विशेषकर सिंगापुर से, साइबर ठगी का संचालन करते थे और पीड़ितों को कंबोडिया से व्हाट्सएप कॉल कर डिजिटल अरेस्ट का झांसा दिया जाता था। ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में भेजकर साइफन किया जाता था तथा हरिओम पांडेय को क्रिप्टोकरेंसी के माध्यम से कमीशन मिलता था।
पुलिस ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर अमरोहा (उत्तर प्रदेश), बहाबलपुर (ओडिशा) और फरीदकोट (पंजाब) से जारी किए गए थे। इन सिम कार्डों को जारी करने वाले पॉइंट ऑफ सेल (POS) के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। मामले में हरिओम पांडेय, आसिफ अंसारी और ओंकार श्रीवास्तव की तलाश जारी है।

ALERT AFSARSHAHI

-विनोद कुमार यादव, संपादक Email:alertafsarshahi@gmail.com "अलर्ट अफसरशाही" राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से प्रकाशित हिन्दी मासिक पत्रिका है जो शासन-प्रशासन द्वारा संचालित योजनाओं का प्रचार करने के साथ ही अधिकारी वर्ग द्वारा किए जाने वाले सराहनीय कार्यों को प्रमुखता से प्रकाशित करती है। पत्रिका में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित विषयों पर जानकारी परक लेख-आलेख विशेष रूप से सम्मिलित किए जाते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने