गाजियाबाद पुलिस का ऑपरेशन क्लीन स्वीप: दोबारा अपराध न करने की चेतावनी
गाजियाबाद। पुलिस ने शहर में अपराध पर अंकुश लगाने और अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में मंगलवार को साहिबाबाद थाना क्षेत्र में एक विशेष सत्यापन अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत उन लोगों को थाने बुलाया गया, जिनका पूर्व में आपराधिक मामलों से संबंध रहा है या जो जेल जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, सत्यापन और पूछताछ के लिए लगभग 150 लोगों को साहिबाबाद थाने बुलाया गया था। इन सभी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की गई और उनकी मौजूदा गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई गई।
सत्यापन के दौरान, पुलिस अधिकारियों ने सभी को स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल पाए जाने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थाने में मौजूद लोगों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर अपराध से दूर रहने का संदेश भी दिया। पोस्टरों पर "हमें माफ करो, हम कभी अपराध नहीं करेंगे" जैसे नारे लिखे थे। अभियान के दौरान डीसीपी ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल भी साहिबाबाद थाने पहुंचे। उन्होंने सभी लोगों से बातचीत की, उनके सत्यापन की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और उन्हें कानून का पालन करने की सलाह दी।
डीसीपी ने बताया कि ऐसे अभियानों का उद्देश्य अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखना और उन्हें अपराध की दुनिया से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस के अनुसार, 'ऑपरेशन क्लीन स्वीप' केवल साहिबाबाद तक सीमित नहीं है, बल्कि गाजियाबाद के अन्य थाना क्षेत्रों में भी लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के जरिए पुलिस पुराने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि वे दोबारा किसी अपराध में लिप्त न हों। पुलिस ने कहा है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।
Tags
गाजियाबाद