आरोपियों को छिपाने में की थी मदद, अभी भी पांच आरोपी फरार
गाजियाबाद। लोनी के गनौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर डेयरी संचालक ओमकार की हत्या के प्रयास और अपहरण के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इस मामले में पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अब दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। दरअसल 30 मई को गनौली गांव निवासी सुरेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने गोली मारकर एक व्यक्ति का अपहरण कर लिया और जबरन कार में बैठाकर अपने साथ ले गए। मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई थी। इसके बाद कई अन्य लोगों के नाम भी सामने आए।
दोनों महिलाओं के खिलाफ भी मामला दर्ज: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 जून को विजेंद्र, आजाद और अजब सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि फरार आरोपी मोहित को छिपाने और पुलिस से बचाने में उसकी मां मंजू और ताई संतरेश ने मदद की थी। इसी आधार पर दोनों महिलाओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। मंगलवार को लोनी पुलिस ने मंजू (58) और संतरेश (40) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि विपक्षी पक्ष से पुरानी दुश्मनी के कारण उन्होंने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची थी। इस मामले में अभी भी पांच आरोपी फरार हैं। इनमें गौरव, सौरभ उर्फ भोला, गोपाल, मोहित और एक अन्य गौरव शामिल हैं। इन सभी पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
Tags
गाजियाबाद